Fireless Cooking Competition

पतंजलि विश्वविद्यालय के प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान संकाय द्वारा बीएनवाईएस के द्वितीय एवं तृतीय बैच के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत् 7 सितंबर को फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन फैकल्टी ऑफ नेचुरोपेथी एंड यौगिक साइंसेज में किया गया। 

यह कार्यक्रम संकाय के डीन डॉ. गणेश अय्यर के निर्देशन में आयोजित किया गया।
इस प्रतियोगिता में बीएनवाईएस द्वितीय एवं तृतीय बैच के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत व्यंजनों का मूल्यांकन उनके पोषण मूल्य, रोग-विशिष्ट उपयोगिता, रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण एवं व्यावहारिकता के आधार पर किया गया।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. अलका यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. निवेदिता एवं फैकल्टी ऑफ नेचुरोपेथी एंड यौगिक साइंसेज के विभागाध्यक्ष डॉ. कनक सोनी शामिल रहे । दोनों निर्णायकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न रोग-विशिष्ट आहार का मूल्यांकन किया तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं संतुलित आहार के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस अवसर पर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान संकाय के डॉ. नागराज, डॉ. सुमन लता, डॉ. ललित, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. लक्ष्मी, डॉ. राखी एवं डॉ. तनु सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी शिक्षकगण ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि स्वादिष्ट भोजन के साथ-साथ पौष्टिक एवं रोगानुकूल आहार भी बिना अग्नि के रचनात्मक ढंग से तैयार किया जा सकता है।